सेवा विधि

सरकारी नौकरी में निलंबन, जाँच या पेंशन का विवाद — केस कहाँ और कैसे लड़ा जाता है?

केंद्र सरकार के कर्मचारी का सेवा विवाद Central Administrative Tribunal (CAT) में चलता है — राजस्थान में इसकी जोधपुर और जयपुर बेंच हैं। राजस्थान राज्य के कर्मचारी का मामला राजस्थान सिविल सेवा अपील अधिकरण या High Court में जाता है। निलंबन सज़ा नहीं है, पेंशन दान नहीं बल्कि अधिकार है, और विभागीय जाँच में सुनवाई का पूरा अवसर मिलना अनिवार्य है।

एक नज़र में
  • केंद्रीय कर्मचारी का forum — CAT: जोधपुर बेंच (उच्च न्यायालय के निकट) एवं जयपुर बेंच
  • CAT में आवेदन — Original Application (OA), धारा 19, Administrative Tribunals Act, 1985; परिसीमा सामान्यतः 1 वर्ष (धारा 21)
  • पूर्व शर्त — धारा 20: विभागीय appeal/representation पहले exhaust करनी होती है
  • राज्य कर्मचारी का forum — राजस्थान सिविल सेवा अपील अधिकरण (1976 अधिनियम), मुख्य पीठ जयपुर; अपील की अवधि 6 माह
  • High Court कब — अनुच्छेद 226 writ: जहाँ अधिकरण का क्षेत्राधिकार नहीं, अथवा अधिकरण के आदेश की judicial review (खंडपीठ)
  • आधार-स्तंभ निर्णयL. Chandra Kumar (1997) · D.S. Nakara (1983) · ECIL v. B. Karunakar (1993)

Central Administrative Tribunal का गठन एक केंद्रीय क़ानून — Administrative Tribunals Act, 1985 (अनुच्छेद 323A) — के अंतर्गत हुआ है और उसकी बेंचें पूरे भारत में हैं; यहाँ बताई गई प्रक्रिया हर राज्य में तैनात केंद्रीय कर्मचारी पर समान रूप से लागू होती है। राजस्थान सिविल सेवा अपील अधिकरण केवल राजस्थान सरकार के कर्मचारियों के लिए है। नीचे दिए गए जोधपुर के उदाहरण केवल दृष्टांत हैं। फ़ोन/वीडियो परामर्श राजस्थान के बाहर तैनात कर्मचारियों के लिए भी उपलब्ध है।

मैं केंद्र सरकार का कर्मचारी हूँ — मेरा केस कहाँ चलेगा?

Railway, डाक विभाग, केंद्रीय मंत्रालय और defence के civilian कर्मचारी — इन सबकी भर्ती और service conditions से जुड़े विवाद CAT सुनता है। सशस्त्र बलों के सदस्य इसमें नहीं आते; उनके लिए अलग व्यवस्था है। राजस्थान में CAT की दो बेंच हैं — जोधपुर और जयपुर। जोधपुर बेंच उच्च न्यायालय के निकट बैठती है और पश्चिमी राजस्थान — जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, अजमेर — के कर्मचारियों के मामले सुनती है।

मामला Original Application (OA) दायर करने से शुरू होता है — धारा 19, Administrative Tribunals Act, 1985। दो प्रावधान व्यवहार में सबसे अधिक निर्णायक सिद्ध होते हैं। धारा 20 कहती है कि अधिकरण सामान्यतः तब तक आवेदन ग्रहण नहीं करेगा जब तक कर्मचारी विभाग के भीतर उपलब्ध appeal या representation का रास्ता पूरा न कर ले। धारा 21 परिसीमा तय करती है — प्रतिकूल आदेश से सामान्यतः एक वर्ष के भीतर। जोधपुर की प्रैक्टिस में मैंने देखा है कि कर्मचारी वर्षों विभागीय पत्राचार में लगा रहता है और जब अधिकरण पहुँचता है तब तक सबसे बड़ी बाधा उसके मामले का गुण-दोष नहीं, बल्कि यही परिसीमा बन चुकी होती है। प्रतिकूल आदेश की तारीख़ को उसी दिन नोट कर लेना चाहिए।

राजस्थान सरकार का कर्मचारी कहाँ जाए?

राज्य कर्मचारियों के लिए अलग व्यवस्था है — राजस्थान सिविल सेवा अपील अधिकरण, जो Rajasthan Civil Services (Service Matters Appellate Tribunals) Act, 1976 के अंतर्गत गठित है। Seniority, promotion, pay fixation, transfer और pension जैसे मामले इसके समक्ष आते हैं। अपील आदेश से 6 माह के भीतर प्रस्तुत करनी होती है, और उससे पहले विभागीय appeal का रास्ता पूरा करना होता है। मुख्य पीठ जयपुर में है। जोधपुर में एक स्थायी बेंच मई 2023 में स्वीकृत की गई थी (उच्च न्यायालय का पुराना heritage भवन); अपील दाख़िल करने से पहले अधिकरण की मौजूदा बैठक-व्यवस्था की पुष्टि कर लेना उचित रहता है।

कुछ श्रेणियाँ अधिकरण की परिधि से बाहर रखी गई हैं — जैसे न्यायपालिका के कर्मचारी और लोक सेवा आयोग से जुड़े मामले — और जहाँ नियम की संवैधानिक वैधता को ही चुनौती देनी हो, वहाँ भी अधिकरण उपयुक्त forum नहीं। ऐसे मामले सीधे राजस्थान उच्च न्यायालय में अनुच्छेद 226 की writ petition से जाते हैं। कौन-सा दरवाज़ा सही है यह तय करना पहला और सबसे महँगा निर्णय होता है — ग़लत forum में वर्ष भर लगाकर लौटना असामान्य नहीं। writ के दायरे पर विस्तार से देखें Writ Petitions under Articles 226 & 227 (English) और Service Law Matters: Challenging Government Orders (English)

सस्पेंड कर दिया गया है — क्या यह सज़ा है? वेतन मिलेगा?

निलंबन (suspension) सज़ा नहीं है। यह जाँच लंबित रहने तक की एक प्रशासनिक व्यवस्था है, इसीलिए निलंबन से पहले सुनवाई का अवसर देना आवश्यक नहीं माना जाता — यही बात कर्मचारी को सबसे अधिक विचलित करती है। परंतु इसका दूसरा पक्ष भी उतना ही स्पष्ट है: निलंबित कर्मचारी को जीवन-निर्वाह भत्ता (subsistence allowance) पाने का क़ानूनी अधिकार है, और भत्ते का भुगतान किए बिना निलंबन को अनिश्चित काल तक खींचना टिकाऊ नहीं।

निलंबन के मामलों में असली प्रश्न प्रायः देरी का होता है, आरोप का नहीं। जब महीनों बीत जाएँ और चार्जशीट तक न दी गई हो, तो निलंबन अपना उद्देश्य खो देता है और वह स्वयं चुनौती का विषय बन जाता है। ऐसे मामलों में राहत की माँग सामान्यतः दो रूपों में की जाती है — निलंबन आदेश को रद्द कराना, या जाँच को समयबद्ध कराना और भत्ते का भुगतान सुनिश्चित कराना।

विभागीय जाँच (departmental inquiry) में मेरे क्या अधिकार हैं?

संविधान का अनुच्छेद 311 सरकारी कर्मचारी को दो संरक्षण देता है — उसे नियुक्ति प्राधिकारी से नीचे का अधिकारी पदच्युत नहीं कर सकता, और उचित जाँच तथा सुनवाई के अवसर के बिना dismissal, removal या rank में कमी नहीं की जा सकती। राजस्थान में major penalty की चार्जशीट Rajasthan Civil Services (Classification, Control & Appeal) Rules, 1958 के अंतर्गत दी जाती है — कर्मचारी इसे प्रायः "16 CCA नोटिस" कहते हैं।

जाँच में जो अधिकार व्यवहार में मामले का रुख़ बदलते हैं, वे ये हैं:

अंतिम बिंदु पर विशेष ध्यान दें। रिपोर्ट दिए बिना सुनाई गई सज़ा दोषपूर्ण मानी जाती है, और यह वह चूक है जो विभाग सबसे अधिक करता है। इसी तरह सज़ा का आरोप के अनुपात में होना भी आवश्यक है — अनुपातहीन दंड अनुच्छेद 14 के आधार पर चुनौती योग्य रहता है।

पेंशन रोक दी गई या नहीं मिल रही — क्या करूँ?

इस विषय पर विधि की स्थिति कर्मचारी के पक्ष में स्पष्ट है। D.S. Nakara बनाम भारत संघ (1983) में उच्चतम न्यायालय ने कहा कि पेंशन सरकार की कृपा नहीं, सेवा से अर्जित अधिकार है। इसके बाद State of Jharkhand बनाम Jitendra Kumar Srivastava (2013) में यह और आगे बढ़ा — पेंशन और gratuity अनुच्छेद 300A के अर्थ में संपत्ति हैं, और विधि के अधिकार के बिना इन्हें रोका नहीं जा सकता। राजस्थान के राज्य कर्मचारियों पर Rajasthan Civil Services (Pension) Rules लागू होते हैं।

व्यवहारिक क्रम वही रहता है — पहले विभाग को लिखित representation, और उत्तर न मिलने या अस्वीकृति पर सक्षम forum (CAT, अधिकरण या उच्च न्यायालय)। सेवानिवृत्त कर्मचारी के मामले में हर बीता महीना सीधा आर्थिक नुक़सान है, इसलिए यहाँ परिसीमा पर विशेष सतर्कता रखनी चाहिए; प्रतीक्षा का कोई प्रतिफल नहीं मिलता।

क्या ट्रांसफर रुकवाया जा सकता है?

सीधा उत्तर — transfer सेवा की एक शर्त है, और किसी स्थान विशेष पर बने रहने का vested right किसी कर्मचारी को नहीं होता। न्यायालय transfer के मामलों में दख़ल कम ही देते हैं। अपवाद तीन हैं: दुर्भावना से किया गया (mala fide) transfer, अर्थात् जो व्यवहार में सज़ा हो; लागू transfer policy या नियमों के विरुद्ध किया गया transfer; और ऐसे अधिकारी द्वारा किया गया आदेश जो उसके लिए सक्षम ही नहीं था। ईमानदार सलाह यह है कि हर transfer का मुक़दमा नहीं बनता — जहाँ बनता है, आधार लगभग हमेशा इन्हीं तीन में से एक होता है।

अन्य सामान्य विवाद

CAT के आदेश से असंतुष्ट हूँ — आगे क्या?

यहाँ एक व्यापक भ्रांति है कि अधिकरण के बाद सीधे उच्चतम न्यायालय जाया जा सकता है। L. Chandra Kumar बनाम भारत संघ (1997) में सात-न्यायाधीशीय पीठ ने यह स्पष्ट कर दिया कि अधिकरण के आदेशों पर उच्च न्यायालय का judicial review संविधान की आधारभूत संरचना का हिस्सा है। अर्थात् अधिकरण के आदेश की चुनौती पहले संबंधित उच्च न्यायालय की खंडपीठ के समक्ष अनुच्छेद 226/227 की writ petition से होती है। CAT की जोधपुर बेंच के आदेश की चुनौती राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर में प्रस्तुत की जाती है — और यही कारण है कि सेवा-मामलों में जोधपुर बेंच का होना पश्चिमी राजस्थान के कर्मचारियों के लिए व्यावहारिक रूप से बड़ी सुविधा है: अधिकरण और उच्च न्यायालय, दोनों एक ही शहर में।

यह लेख केवल सामान्य जानकारी हेतु है और इसे विधिक परामर्श नहीं माना जाए। सेवा-मामलों में परिसीमा और लागू नियम विभाग एवं तथ्यों के अनुसार बदलते हैं; अपने विशिष्ट मामले में किसी योग्य अधिवक्ता से परामर्श करें।
शुभम ओझा एवं एसोसिएट्स
अधिवक्ता, राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर  ·  दूरभाष: +91 70230 51275  ·  WhatsApp

बार काउंसिल ऑफ इंडिया सूचना: यह वेबसाइट केवल सूचना हेतु है और इसे विधिक परामर्श नहीं माना जाए। इस वेबसाइट को देखने मात्र से अधिवक्ता-मुवक्किल संबंध स्थापित नहीं होता।